Showing posts with label Crime. Show all posts
Showing posts with label Crime. Show all posts

Saturday, May 7, 2022

CM ने अंतरराज्यीय चोर की गिरफ्तारी पर पुलिस को दी बधाई

 पुलिसकर्मी 10-10 हजार रूपए की राशि से पुरस्कृत

भोपाल: शुक्रवार 6 मई 2022: (मध्यप्रदेश स्क्रीन ब्यूरो)::

Symbolic Pexels-Photo By Kindel Media C1
चोरी जैसे जुर्मों का दायरा बढ़ने से आम लोगों के दिलों में एक आतंक जैसा पैदा करता जा रहा है। न घर में सुरक्षा महसूस होती है न ही घर से बाहर। चोर हर जगह पर सेंध लाने को तैयार बैठे होते हैं। इसी बीच एक अच्छी खबर भी आई है कि राज्य पुलिस ने एक अंतर्राज्यीय चोर को काबू करने में सफलता पा ली है। 

मध्यप्रदेश में अंतरराज्यीय चोर की गिरफ्तारी से पुलिस को बहुत बड़ी सफलता मिली है। मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने शहडोल पुलिस द्वारा अंतरराज्यीय चोर हसन को गिरफ्तार करने पर पुलिस विभाग को बधाई और शुभकामनाएँ दी हैं। 

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि ऐसे कर्त्तव्यनिष्ठ पुलिस अधिकारी और कर्मचारी ही मध्यप्रदेश की शान हैं। पुलिसकर्मियों एसआई वर्षा बैगा, आर. धन्नालाल एवं परिमल को 10-10 हजार रूपए की राशि से पुरस्कृत किया है।

उल्लेखनीय है कि इन पुलिसकर्मियों ने अन्य राज्यों में करोड़ों की चोरी के आरोपी हसन को गिरफ्तार करने में
सफलता प्राप्त की। पुलिसकर्मियों ने शातिर चोर हसन को गिरफ्तार कर यूनियन बैंक में करोड़ों रूपए की चोरी होने से बचाया।

Monday, January 17, 2022

महिला विरोधी जुर्मों के खिलाफ और सख्त हुए मुख्यमंत्री चौहान

 Monday 17th January 2022, 17:34 IST

कहा-मानवता को शर्मसार करने वाले अपराधी को मिले कड़ी सजा

महिलाओं के विरूद्ध अपराध की घटनाओं पर बुलाई विशेष बैठक


भोपाल: सोमवार 17 जनवरी 2022 at 17:34 IST सोमवार

महिलाओं के खिलाफ अपराध रुकने का नाम ही नहीं ले रहे। दुनिया भर में शर्मनाक घटनाएं बढ़ रही हैं। देश का शायद ही कोई ऐसा कोना ही जहां से ऐसी खबरें न आ रही हों। मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि हाल ही में कुछ जिलों में महिलाओं के विरूद्ध घटित अपराधों में सख्त से सख्त कार्यवाही की जाये। अमानवीय और घृणित कृत्य करने वाले नरपिशाचों को फाँसी के तख्ते तक ले जाने के लिए ऐसे प्रकरणों का निरंतर फॉलोअप किया जाये। इंदौर, सीहोर, ग्वालियर और शिवपुरी में हुई घटनाओं को लेकर मुख्यमंत्री श्री चौहान ने आज वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक की।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने इंदौर की कल की घटना पर दोषियों के विरूद्ध सख्त कार्यवाही के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि दोषियों के विरूद्ध सिर्फ गिरफ्तारी तक कार्यवाही सीमित नहीं होना चाहिए। इंदौर ग्रामीण के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने जानकारी दी कि इस प्रकरण में 5 लोग गिरफ्तार हुए हैं। मुख्यमंत्री ने प्रकरण में अविलंब आरोप-पत्र लगाने और फॉस्ट ट्रेक कोर्ट में मामला ले जाने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने सीहोर की घटना पर भी गंभीर रूख अपनाते हुए कहा कि दोषियों को फास्ट ट्रेक के माध्यम से दण्डित किया जाए। उन्होंने ग्वालियर के पुलिस अधिकारियों से 27 दिसंबर की घटना पर चर्चा की। इस प्रकरण में तीन व्यक्ति गिरफ्तार हुए हैं। अपराध में उपयोग में लाए गए ट्रक को भी राजसात करने और ट्रक के मालिक के विरूद्ध भी एफआईआर करने के निर्देश दिए गए। मुख्यमंत्री ने पुलिस अधीक्षक शिवपुरी से जिले में एक बालिका पर परिजन द्वारा घटित अपराध की घटना में दोषी के विरूद्ध कठोरतम दंड के निर्देश दिए।

मानवता शर्मसार होती है ऐसी घटनाओं से

मुख्यमंत्री ने कहा कि इंदौर की घटना मानवता को शर्मसार करने वाली घटना है। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने अपराधियों की संपत्ति जप्त करने को भी कहा। मुख्यमंत्री ने चारों मामलों को चिन्हित अपराध की श्रेणी में शामिल करते हुए फास्ट ट्रेक कोर्ट के माध्यम से कार्यवाही करने के निर्देश दिए।

चीनी मांझा जानलेवा है, कार्यवाही करें–मुख्यमंत्री श्री चौहान

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने उज्जैन में पतंगबाजी में उपयोग में लाए जाने वाले चीनी मांझे से एक युवती की मृत्यु को दुखदायी बताया। उन्होंने कहा कि प्रतिबंधित मांझे का उपयोग करने वालों के विरूद्ध सख्त कार्यवाही की जाए। प्रदेश में किसी भी स्थान पर इसके विक्रय और उपयोग पर नजर रखें और जानलेवा सिद्ध होने वाली इस सामग्री के इस्तेमाल को नियंत्रित करें। बैठक में अपर मुख्य सचिव गृह डॉ. राजेश राजौरा, पुलिस महानिदेशक श्री विवेक जौहरी, मुख्यमंत्री कार्यालय के विशेष कर्त्तव्यस्थ अधिकारी श्री योगेश चौधरी उपस्थित थे।

अशोक मनवानी