Showing posts with label Floods. Show all posts
Showing posts with label Floods. Show all posts

Sunday, August 30, 2020

CM चौहान ने बाढ़ वाले गणेशजी से बाढ़ उतरने की प्रार्थना की

Bhopal: Sunday: 30th  August 2020 at 20:54 IST
विदिशा पहुँचकर सपत्नीक पूजा-अर्चना की
*निवास पर भी प्रतिदिन सपरिवार करते हैं श्री गणेश पूजन
*पत्नी श्रीमती साधना सिंह ने निवास पर सजाई हैं विशेष गणेश झाकियां
भोपाल: 30 अगस्त 2020: (मध्यप्रदेश स्क्रीन ब्यूरो)::
मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान आज बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के हवाई सर्वे के दौरान विदिशा पहुंचे तथा वहां 'बाढ़ वाले गणेश मंदिर' पहुंचकर पत्नी श्रीमती साधना सिंह सहित विघ्न विनाशक मंगलकारी श्री गणेशजी की पूजा-अर्चना की। श्री चौहान ने गणेशजी से प्रार्थना की कि प्रदेश में बाढ़ जल्दी उतरे तथा हर व्यक्ति सुरक्षित रहे। श्री गणेश बाढ़ सहित प्रदेश पर आए हर संकट को दूर करें तथा सभी का मंगल करें। श्री चौहान ने मंदिर पर आयोजित भंडारे में सर्वप्रथम सपत्नीक कन्याओं का पूजन किया तथा उन्हें भोजन कराया। इसके बाद स्वयं सपत्नीक प्रसाद ग्रहण किया।
मुख्यमंत्री श्री चौहान प्रतिदिन अपने निवास पर विराजित श्री गणेशजी का सपरिवार पूजन करते हैं। गणेश उत्सव के दौरान मुख्यमंत्री की पत्नी श्रीमती साधना सिंह द्वारा मुख्यमंत्री निवास में भगवान श्री गणेश की विशेष झांकियां सजाई गई हैं। इन झांकियों में शिव बारात, शिव पार्वती विवाह, भगवान गणेश द्वारा शिव परिक्रमा, शिव पार्वती परिवार सहित आदि सजाई गई हैं। मुख्यमंत्री की पत्नी श्रीमती साधना सिंह  विगत अनेक वर्षों से गणेश उत्सव के दौरान भगवान गणपति के लिए छप्पन भोग का प्रसाद अपने हाथों से बनाकर लगाती हैं।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने आज भी अपने पूरे परिवार के साथ निवास पर विराजित भगवान श्री गणेश का पूरे विधि विधान के साथ पूजन-अर्चन किया तथा प्रार्थना की कि प्रदेश में आई बाढ़ और कोरोना संकट  को शीघ्र समाप्त करें, प्रदेश की जनता की समृद्धि खुशहाली के लिए आशीर्वाद दें तथा सभी पर अपनी कृपा बनाए रखें।